स्ट्रीट लाइट लगाने के दौरान हुआ विवाद
शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गिल्टोरा गांव में नगर परिषद के एक अस्थायी कर्मचारी पर हमले का मामला सामने आया है। यहां खंभे पर स्ट्रीट लाइट लगाने पहुंचे कर्मचारी के साथ एक स्थानीय युवक ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई।
गाड़ी का कांच तोड़ा, पंद्रह हजार का नुकसान
रन्नौद के लक्ष्मीगंज वार्ड क्रमांक 10 निवासी 42 वर्षीय नीरज जोशी नगर परिषद में अस्थायी इलेक्ट्रिशियन के रूप में कार्यरत हैं। बीती 20 सितंबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे वह वार्ड क्रमांक 1 के गिल्टोरा में स्ट्रीट लाइट बदलने का काम करने गए थे। इस दौरान नगर परिषद की स्काई लिफ्ट गाड़ी का उपयोग किया जा रहा था।
शिकायत के मुताबिक, जब नीरज खंभे पर लाइट लगा रहे थे तभी वहां गिल्टोरा निवासी दिक्कपाल जाट पहुंच गया। उसने वहां लाइट लगाने पर आपत्ति जताई और विरोध करना शुरू कर दिया। जब कर्मचारी ने इसका कारण पूछा तो आरोपी ने अभद्रता करते हुए थप्पड़ जड़ दिया।
बीच-बचाव करने आए साथी, पुलिस ने दर्ज किया केस
बात बढ़ने पर आरोपी दिक्कपाल ने गुस्से में आकर डंडे से स्काई लिफ्ट वाहन के सामने वाले कांच पर वार कर दिया जिससे वह पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इस हुड़दंग और तोड़फोड़ से गाड़ी को लगभग 15 हजार रुपये की क्षति पहुंची है। घटना के वक्त गाड़ी के चालक सलमान खान और उमेश उपाध्याय भी मौके पर मौजूद थे जिन्होंने बीच-बचाव का प्रयास किया।
पीड़ित कर्मचारी नीरज जोशी की शिकायत पर रन्नौद थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी दिक्कपाल जाट के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मामले की आगामी विवेचना में जुटी हुई है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!