शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना अंतर्गत आने वाले ऐंचबाड़ा गांव में कचरा और गोबर डालने को लेकर उपजा विवाद हिंसक हो गया। इस मारपीट की घटना में शाक्य परिवार के कुल पांच सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वारदात के अगले दिन रविवार को पीड़ित परिवार न्याय की आस लेकर सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय जा पहुंचा।
लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे थे आरोपी
पीड़ित परिवार के सदस्य कीरत शाक्य ने आपबीती साझा करते हुए बताया कि गांव के ही रमेश शर्मा पक्ष के साथ उनका पुराना मनमुटाव चल रहा था। शनिवार की शाम करीब पांच बजे जब कीरत अपने घर के बाहर बैठे थे, तभी अरविंद शर्मा, आशीष शर्मा, मनीष शर्मा और शुभम शर्मा समेत अन्य लोग वहां आ धमके। आरोप है कि आरोपियों ने आते ही जातिसूचक गालियां दीं और अचानक लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
इस हमले में कीरत शाक्य के सिर पर गंभीर वार किया गया जिससे उनका काफी खून बह गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पिता मंगी शाक्य, माता बैजंती शाक्य और भाई रवि शाक्य को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ जमकर मारपीट की गई। परिवार के एक अन्य सदस्य सुघर सिंह ने डरकर वहां से भागने की कोशिश की तो रास्ते में राज शर्मा ने उसे दबोचकर पटक दिया, जिससे उसके हाथ में अंदरूनी चोटें आईं।
मुकदमा दर्ज होने के बावजूद गिरफ्तारी न होने का आरोप
एसपी कार्यालय पहुंचे शाक्य परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। कीरत का कहना है कि घटना के तुरंत बाद स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए मुकदमा कायम करवा दिया गया था, लेकिन पुलिस ने अभी तक एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिससे पूरा परिवार खौफ के साए में जी रहा है।
पुलिस का पक्ष और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार
पूरे मामले को लेकर बैराड़ थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि इस घटना के संबंध में क्रॉस एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। शाक्य पक्ष की शिकायत के आधार पर अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम यानी एससी-एसटी एक्ट समेत भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।
थाना प्रभारी ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि घायलों की मेडिकल रिपोर्ट अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। अस्पताल से चिकित्सीय रिपोर्ट मिलने के बाद चोटों की वास्तविक प्रकृति स्पष्ट होगी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए धाराओं में उचित बढ़ोतरी की जाएगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!