शिवपुरी शहर की हनुमान कॉलोनी में हुई एक दुर्घटना में घायल हुए 17 वर्षीय किशोर की ग्वालियर में उपचार के दौरान मौत हो गई है। मृतक की पहचान सौरभ शाक्य के रूप में हुई है, जो कबाड़ा बिनने का काम करता था।
छत पर कबाड़ा लेने गया था किशोर
घटना की जानकारी देते हुए मृतक की बहन काजल शाक्य ने बताया कि 6 जुलाई को सौरभ अपने साथी सुमित शाक्य के साथ हाथ ठेला लेकर कबाड़ा खरीदने निकला था। दोनों हनुमान कॉलोनी स्थित एक मकान पर पहुंचे थे, जहां एक महिला ने सौरभ को मकान की पहली मंजिल की छत पर रखा कबाड़ा उठाने के लिए कहा था।
जब सौरभ पहली मंजिल की छत पर कबाड़ा लेने पहुंचा, तब वह वहां से गुजर रहे बिजली के तारों की चपेट में आ गया। करंट का झटका लगते ही उसके शरीर में आग लग गई और वह गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़ा।
हादसे के बाद अस्पताल में चला इलाज
दुर्घटना के तुरंत बाद उसके दोस्त सुमित ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे हाथ ठेले पर लादा और सिद्धि विनायक अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया, और उसी दिन बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर भेज दिया गया था।
ग्वालियर में लंबे इलाज के बावजूद सौरभ की जान नहीं बचाई जा सकी। सोमवार को ग्वालियर पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। अब इस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई शिवपुरी कोतवाली पुलिस द्वारा की जाएगी।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
बहन काजल का आरोप है कि घटना के बाद जब परिजन उस मकान पर पहुंचे, तो वहां मौजूद महिला ने मदद करने के बजाय उन पर चोरी का इल्जाम लगाया और डराया-धमकाया। इसके बाद परिजन न्याय की गुहार लगाने कोतवाली थाने भी पहुंचे थे।
परिजनों के अनुसार सौरभ के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उनका परिवार फिजिकल थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोलियों के मंदिर के पास किराए के मकान में रहता है, और घर के तीन भाई मेहनत-मजदूरी कर गुजर-बसर करते हैं। अब किशोर की मौत के बाद परिवार ने जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!