सिलपुरा गांव की घटना

शिवपुरी जिले के खनियांधाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सिलपुरा गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां 35 वर्षीय पदम सिंह कुशवाह को सोते समय एक जहरीले सांप ने पीठ पर काट लिया, जिससे उनकी जान चली गई।

यह घटना सोमवार सुबह करीब 5 बजे की है। पदम सिंह खेती-किसानी के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे और वह छह बहनों के इकलौते भाई थे। उनकी अचानक हुई मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।

अस्पताल पहुंचने से पहले टूटा दम

सांप के डसने के बाद परिजनों ने बिना देर किए उन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था।

हालांकि, जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अनाथ हुए दोनों बच्चे

मिली जानकारी के अनुसार, पदम सिंह की पत्नी करीब पांच साल पहले उन्हें छोड़कर जा चुकी थीं। इसके बाद से वह अकेले ही अपने बेटे और बेटी की परवरिश की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

पिता की आकस्मिक मौत के बाद अब दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का भी साया उठ गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।