पीपल वाले कुएं में मिले शव

शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस लाइन के समीप स्थित पीपल वाले कुएं में मंगलवार शाम एक महिला और उसके छह साल के बच्चे के शव बरामद हुए। स्थानीय लोगों ने कुएं से दुर्गंध आने के बाद भीतर झांका तो मामले की जानकारी सामने आई, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही टीआई विनोद छाबई पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की सहायता से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान 33 वर्षीय शिवानी विश्वकर्मा पत्नी भूपेंद्र विश्वकर्मा और उनके छह साल के बेटे भोलू के रूप में हुई है, जो एलआईसी ऑफिस के पीछे करैरा के रहने वाले थे।

सोमवार रात से थे लापता

परिजनों ने बताया कि मां और बेटा दोनों सोमवार रात से अपने घर पर नहीं थे। महिला का मायका और ससुराल दोनों करैरा में ही हैं। शिवानी पिछले करीब डेढ़ महीने से अपने पति भूपेंद्र से अलग रह रही थी, जो कि दिल्ली में नौकरी करते हैं।

घटना के वक्त महिला कभी मायके तो कभी अपनी ननद के यहां रुकती थी। सोमवार की रात जब शिवानी घर नहीं लौटी, तो परिजनों को लगा कि वह एक-दूसरे के घर पर रुकी होगी, लेकिन अगले दिन इस खौफनाक घटना का पता चला। खास बात यह थी कि महिला ने अपने बेटे को दुपट्टे के सहारे अपने शरीर से बांध रखा था।

हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल पर जांच

करैरा थाना प्रभारी विनोद छाबई का कहना है कि शुरुआती तौर पर पारिवारिक विवाद के चलते महिला द्वारा बेटे के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है और हत्या समेत सभी पहलुओं से मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। बुधवार को पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।