ग्वालियर-चंबल संभाग के शिवपुरी शहर के कमलागंज घोषीपुरा इलाके में मामूली सी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि पड़ोसी युवकों ने एक ही परिवार के चार लोगों को लहूलुहान कर दिया। सिगरेट पीने से मना करने पर आरोपियों ने बुजुर्ग और महिला समेत चार लोगों को पत्थर और डंडों से पीटकर घायल कर दिया।
लूडो खेलने के दौरान शुरू हुआ था विवाद
घायल सज्जू मिस्त्री (62) ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 24 सितंबर की रात करीब साढ़े आठ बजे उनके घर के बाहर आजम खान, जाहिर खान और बिलाल खान लूडो खेल रहे थे। इस दौरान वे सिगरेट भी पी रहे थे। सज्जू के बेटे आसिफ ने उन्हें घर के सामने सिगरेट पीने से एतराज जताया था।
सुबह होते ही आरोपियों ने किया हमला
फरियादी के अनुसार, इसी बात की रंजिश रखते हुए अगले दिन 25 सितंबर की सुबह लगभग साढ़े दस बजे आजम खान, बिलाल खान, जाहिर खान और नदीम खान उनके घर के पास पहुंचे और गालियां देने लगे। जब उन्हें गाली देने से रोका गया, तो बिलाल खान ने नजदीक ही रखा एक पत्थर उठाकर सीधे सज्जू के सिर पर दे मारा, जिससे उनके सिर से खून बहने लगा।
परिवार के बीच-बचाव करने आए सदस्यों को भी पीटा
बुजुर्ग सज्जू मिस्त्री को बचाने उनकी बहू मुस्कान खान और बेटे असफाक खान तथा सोहिल खान मौके पर दौड़े। आरोप है कि आजम खान ने पत्थर से मुस्कान के माथे पर प्रहार किया, जबकि जाहिर खान ने असफाक के सिर पर पत्थर से वार कर दिया। इसके अलावा नदीम खान ने सोहिल पर डंडे से हमला किया, जिससे उसकी आंख के पास गंभीर चोट आई।
हंगामे और मारपीट की इस घटना के दौरान मौके पर मौजूद जुम्मन खान और शाहरुख खान ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावर जाते-जाते धमकी दे गए कि यदि भविष्य में उनसे दोबारा विरोध किया गया तो जान से खत्म कर देंगे।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सज्जू मिस्त्री के बयानों के आधार पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर लिया है और प्रकरण की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!