शिवपुरी जिले के अमोला थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल हुई 30 वर्षीय भावना चिड़ार की ग्वालियर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना 15 जुलाई की है जब भावना अपने पति के साथ बाइक पर सलैया से सेसई गांव जा रही थीं।

भैया होटल के पास एक मिनी आयशर वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे भावना गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल शिवपुरी जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

बिना पोस्टमार्टम के अंतिम संस्कार की कोशिश

शनिवार शाम ग्वालियर के अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मृत्यु हो गई। मौत के बाद परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए सीधे सलैया गांव ले आए और रविवार को अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी।

इसकी सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस सक्रिय हो गई और अमोला थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस की टीम तत्काल गांव पहुंची और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को रुकवा दिया।

पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल शिवपुरी भेजा, जहां रविवार को सड़क हादसे में पहले से दर्ज मामले के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इस कार्रवाई से परिजनों की बिना पोस्टमार्टम के अंतिम संस्कार की योजना विफल हो गई।