ग्वालियर-चंबल अंचल के शिवपुरी जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। बदरवास थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नेशनल हाईवे-46 पर डस्टर कार सवार चार बदमाशों ने एक चलते ट्रक को जबरन रुकवा लिया और सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया।

कार आगे अड़ाकर रोका ट्रक

उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी ट्रक चालक अंकित चौहान ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह झांसी से ट्रक में चने का बीज लोड करके सीहोर की ओर जा रहा था। इस दौरान उसके साथ हेल्पर वीरेंद्र अहिरवार भी वाहन में मौजूद था। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात लगभग 3:30 बजे जब उनका वाहन बदरवास क्षेत्र में मांगरोल ब्रिज के पास पहुंचा, तभी एक सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट की डस्टर कार उनके ट्रक के आगे आ गई और वाहन को रुकवा लिया।

कट्टा दिखाकर की गई मारपीट और लूट

चालक के अनुसार, कार रुकते ही उसमें से चार लोग नीचे उतरे। इनमें से एक बदमाश सीधे ट्रक के अंदर घुसा और चालक की छाती पर कट्टा अड़ा दिया। इसके बाद उसे खींचकर नीचे उतारा गया और सड़क किनारे ले जाया गया। वहीं, दूसरे बदमाश ने हेल्पर वीरेंद्र अहिरवार को भी कट्टा दिखाकर अपने नियंत्रण में ले लिया। इस बीच बाकी बदमाशों ने ट्रक में लूटपाट शुरू कर दी।

आरोप है कि बदमाशों ने चालक की जेब से करीब 6,500 रुपए नकद छीन लिए। इसके अलावा ट्रक के डीजल टैंक से लगभग 170 लीटर डीजल निकाल लिया गया और वाहन में भरी चने के बीज की 15 से 20 बोरियां भी अपनी कार में लाद लीं।

दूसरे वाहन के आने से भागे बदमाश

पीड़ित चालक का कहना है कि बदमाश लगातार उसे जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। इसी दौरान पीछे से एक अन्य ट्रक वहां आ पहुंचा और उसके चालक ने ब्रेक लगा दिए। किसी अन्य वाहन को मौके पर आता देख कार सवार बदमाश तुरंत वहां से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने बदरवास थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

वहीं, इस मामले में बदरवास थाना प्रभारी नवीन यादव का कहना है कि शुरुआती जांच में पूरा घटनाक्रम संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पूर्व में भी इस तरह की कुछ शिकायतें सामने आई थीं, जिनकी जांच के दौरान अलग ही तथ्य उजागर हुए थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है और जांच के नतीजों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।