सहरिया गांव का मामला

शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सहरिया गांव में बुधवार दोपहर को पति-पत्नी के बीच उपजे विवाद का एक अजीब मामला सामने आया है। यहां मामूली बात पर नाराज हुई एक महिला गांव के स्कूल के समीप स्थित कुएं में कूद गई। महिला के कुएं में छलांग लगाते ही स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

रस्सी डालने पर भी बाहर आने से किया इनकार

घटना के तुरंत बाद उसके पति ने महिला को निकालने का प्रयास किया और कुएं में रस्सी फेंकी। लेकिन महिला ने बाहर आने से सख्त इनकार कर दिया। महिला ने शर्त रखी कि जब तक उसका पति सबके सामने हाथ जोड़कर माफी नहीं मांगेगा, वह पानी के अंदर से ऊपर नहीं आएगी। करीब आधे घंटे तक यह हाईवोल्टेज ड्रामा कुएं के पास चलता रहा।

आखिरकार जब पति ने ग्रामीणों की मौजूदगी में हाथ जोड़े और कान पकड़कर अपनी गलती की माफी मांगी, तब जाकर पत्नी का गुस्सा शांत हुआ और वह बाहर आई। इस घटना को देखने के लिए आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र हो गए थे।

शक के चलते लगता था ताला

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, महिला का पति जितेंद्र वंशकार खेती-किसानी का काम करता है। उनके परिवार में माता-पिता के अलावा तीन बेटियां और एक बेटा भी हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जितेंद्र अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और अक्सर घर के बाहर से ताला लगाकर चला जाता था। इसी बात से तंग आकर महिला ने यह कदम उठाया।

इस पूरे घटनाक्रम के संबंध में दिनारा थाना प्रभारी रवींद्र कुशवाहा ने जानकारी दी है कि इस मामले में अभी तक पुलिस के पास किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि यदि महिला या उसका परिवार थाने में आवेदन देता है, तो तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।