शिवपुरी जिले में हाईवे पर आवारा मवेशियों के कारण सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार की रात सुभाषपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुड़खेड़ा टोल प्लाजा के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां सड़क पर बैठे बैल से एक बाइक भिड़ गई।

ग्वालियर से घर लौट रहे थे विकास भार्गव

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवपुरी की खेड़ापति कॉलोनी के रहने वाले 38 वर्षीय विकास भार्गव पुत्र विनोद भार्गव किसी काम से बाइक द्वारा ग्वालियर गए हुए थे। बुधवार की रात करीब 8 बजे वे ग्वालियर से वापस अपने घर शिवपुरी लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना घटी।

मुड़खेड़ा टोल प्लाजा के समीप अचानक मुख्य मार्ग पर बैठे बैल से उनकी मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बैल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि विकास भार्गव गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़े।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हाईवे एंबुलेंस की सहायता से घायल विकास को शिवपुरी मेडिकल कॉलेज भिजवाया। हालांकि, अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अगले दिन गुरुवार को पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया।

सतनबाड़ा क्षेत्र में भी हुआ था मवेशियों से जुड़ा हादसा

बता दें कि इसी दिन बुधवार की सुबह सतनबाड़ा थाना क्षेत्र के तहत एनएच-46 पर भी एक अन्य दुर्घटना घटी थी, जिसमें एक अनियंत्रित कार सड़क पर मौजूद मवेशियों के झुंड से जा टकराई थी। उस हादसे में छह गौवंश की मौत हो गई थी और दो घायल हो गए थे, जबकि कार में फंसे उत्तर प्रदेश के दोनों यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।

प्रशासनिक दावों के बावजूद सड़कों पर डेरा जमाए हैं मवेशी

सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को हटाने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में कई निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद प्रमुख मार्गों और हाईवे पर भारी संख्या में मवेशी बैठे नजर आते हैं, जिससे लगातार हो रही इन घटनाओं में अब तक कई बेजुबान जीवों की जान जा चुकी है और वाहन चालकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।