शिवपुरी शहर के बड़ौदी इलाके में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब नगर पालिका के टेंचिंग ग्राउंड के बाहर पड़े सिंध जलावर्धन योजना के पुराने जीआई पाइपों में अचानक आग लग गई। आग लगने से मौके पर काले धुएं का भारी गुबार उठने लगा, जो दूर-दूर तक नजर आया।
स्थानीय लोगों ने उठाए गंभीर सवाल
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय नागरिकों ने आशंका जताई है कि इन पाइपों में आग जानबूझकर लगाई गई है ताकि इन्हें नष्ट किया जा सके। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आग लगने के पीछे असल वजह क्या थी।
एनजीटी के निर्देश पर लाए गए थे टेंचिंग ग्राउंड
गौरतलब है कि सिंध जलावर्धन योजना के तहत पूर्व में बिछाए गए पाइपों में कथित भ्रष्टाचार की बात सामने आने के बाद उन्हें हटाकर नए डेक्सार पाइप डाले गए थे। पुराने जीआई पाइपों को तब जंगलों में फेंक दिया गया था। बाद में वन्यजीवों और पर्यावरण पर पड़ने वाले असर को लेकर मामला नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) तक जा पहुंचा था, जिसके निर्देशों के पालन में इन पाइपों को वहां से हटवाकर नगर पालिका के इस टेंचिंग ग्राउंड में रखवाया गया था।
फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
नगर पालिका के सब-इंस्पेक्टर योगेश शर्मा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि वहां तैनात चौकीदार के जरिए घटना की सूचना मिली थी कि अज्ञात कारणों के चलते पाइपों में आग लग गई है। सूचना मिलने पर तुरंत दमकल वाहन को घटनास्थल की ओर रवाना किया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक आग बुझाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है और जांच जारी है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!