कमलाखेड़ी गांव की घटना
शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कमलाखेड़ी गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ बिजली की लाइन दुरुस्त करने के दौरान करंट लगने से 25 वर्षीय युवक धर्मेंद्र धाकड़ की जान चली गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया।
रुपए देने के बाद चढ़े थे खंभे पर
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, गांव की बाधित बिजली को शुरू कराने के लिए दस हजार रुपए एकत्र किए गए थे। यह राशि शनिवार को लाइनमैन नीरज को सौंपी गई थी। आरोप है कि लाइनमैन खुद काम करने नहीं गया बल्कि उसने फोन पर परमिट मिलने की बात कहकर धर्मेंद्र और विजय धाकड़ को खंभे और ट्रांसफार्मर पर चढ़कर लाइन जोड़ने को कह दिया।
लाइन जोड़ने के प्रयास के दौरान दोनों अचानक करंट की चपेट में आ गए। इस दुर्घटना में 25 वर्षीय धर्मेंद्र धाकड़ की मौत हो गई, वहीं 40 वर्षीय विजय धाकड़ गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाने के बाहर शव रखकर प्रदर्शन
रविवार को शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन और ग्रामीण शव को सीधे पोहरी थाने लेकर पहुंच गए। उन्होंने थाने के बाहर शव को रखकर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि लापरवाह लाइनमैन के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और आक्रोशित परिजनों को समझाने-बुझाने के प्रयास में जुटी रही।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!