भैंस चराने गए था युवक, रविवार से है लापता
शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना अंतर्गत आने वाले पचावला गांव का रहने वाला गिर्राज दांगी बीते रविवार सुबह से लापता चल रहा है। परिजनों के अनुसार, रविवार की सुबह करीब 8 बजे वह अपने घर से भैंस चराने के लिए निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा।
सोमवार के दिन सिंध नदी के तट पर उसका मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसके बाद से स्थानीय स्तर पर उसके नदी में डूब जाने की आशंका गहरी हो गई है। घटना की जानकारी मिलने पर रन्नौद थाना पुलिस और आपदा मित्र वॉलेंटियर की टीम फौरन घटनास्थल पर पहुंची।
प्रशासनिक टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
नदी में युवक की तलाश के लिए आपदा मित्रों की टीम ने सोमवार को पानी में उतरकर सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी अभियान में मुकेश मांझी, संजीव मांझी, धर्मेंद्र मांझी, ऋषि केवट, सतीश परिहार, हरिओम धाकड़, चंद्रशेखर मांझी, रघुनंदन केवट, गौरव मांझी, सालू मांझी और उदयभान राठौड़ ने मोर्चा संभाला।
हालांकि, काफी मशक्कत और देर शाम तक चले तलाशी अभियान के बाद भी युवक का कोई सुराग हाथ नहीं लगा। अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा और मंगलवार सुबह तक भी गिर्राज का कुछ पता नहीं चल सका है।
पिता ने जारी किया भावुक वीडियो
लापता हुआ गिर्राज दांगी पांच बहनों का इकलौता भाई है, जिसके अचानक गायब हो जाने से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बेटे के सदमे और चिंता में डूबे पिता मालम सिंह दांगी ने एक वीडियो जारी किया है।
जारी किए गए वीडियो में पिता ने अपने बेटे से सकुशल घर लौट आने की गुहार लगाई है। उन्होंने संदेश दिया है कि बेटा जहां भी हो घर वापस लौट आए, उससे कोई कुछ नहीं कहेगा और यदि उसे पैसों की आवश्यकता है तो उसकी वह जरूरत भी पूरी की जाएगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!