शिवपुरी जिले के बदरवास क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम तिलातिली में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। हरिजन मोहल्ले में स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान के सेल्समैन पर खाद्यान्न वितरण में भारी गड़बड़ी किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। इस संबंध में स्थानीय रहवासियों ने एकजुट होकर प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपी है।

जुलाई महीने का राशन नहीं मिलने पर जताई आशंका

ग्रामीणों ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्हें पिछले तीन महीनों (जुलाई, अगस्त और सितंबर) का पूरा राशन नहीं मिला है। आरोप है कि सेल्समैन द्वारा केवल एक महीने का ही अनाज दिया जा रहा है। विशेष रूप से जुलाई माह का राशन वितरित नहीं किए जाने से ग्रामीणों में भारी संदेह है। उनका कहना है कि सेल्समैन बिना जुलाई का वितरण पोर्टल पर चढ़ाए सीधे अगस्त महीने का राशन देने की बात कह रहा है, जिससे बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की आशंका पैदा हो गई है।

कारवाई न होने पर आंदोलन की दी चेतावनी

समस्या से परेशान ग्रामीणों ने बदरवास तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि ग्रामीणों को जुलाई, अगस्त और सितंबर का रुका हुआ पूरा राशन समय पर दिलाया जाए। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी इस समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो वे उच्चाधिकारियों के समक्ष गुहार लगाने के साथ-साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए भी बाध्य होंगे।

प्रशासन का पक्ष: अतिरिक्त राशन की मांग भेजी गई

पूरे मामले को लेकर बदरवास के तहसीलदार सचिन भार्गव ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत उनके संज्ञान में आ चुकी है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि संबंधित उचित मूल्य दुकान पर खाद्यान्न की आवक कम हुई थी। स्थिति को संभालते हुए क्षेत्र के लिए अतिरिक्त राशन उपलब्ध कराने हेतु एसडीएम के माध्यम से मांग भेज दी गई है। तहसीलदार ने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी और नियमानुसार उचित कदम उठाए जाएंगे।