ग्वालियर-चंबल अंचल के भिंड जिले में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। इसी क्रम में मिहोना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इलाके में मंगलवार को दो घंटे का विशेष मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान संचालित किया गया।
नेशनल हाईवे पर चलाया गया अभियान
यह सघन चेकिंग अभियान सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक भिंड-गोपालपुरा नेशनल हाईवे-552 पर बंथरी गांव के समीप किया गया। इस कार्रवाई का नेतृत्व लहार की न्यायिक मजिस्ट्रेट आयुषी जैन और उत्कर्ष जैन ने संयुक्त रूप से किया।
दो दर्जन से ज्यादा वाहन चालकों पर हुई कार्रवाई
वाहन जांच के दौरान पुलिस और प्रशासनिक टीम ने बिना सीटबेल्ट गाड़ी चलाने, बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र न होने तथा गाड़ियों पर काली फिल्म लगे होने के मामलों की बारीकी से जांच की। नियमों को ताक पर रखकर वाहन चलाने वाले दो दर्जन से अधिक चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
यातायात नियमों के पालन की दी गई समझाइश
अभियान के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। कार चालकों को हमेशा सीटबेल्ट पहनने और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के इस्तेमाल की हिदायत दी गई। न्यायिक मजिस्ट्रेट आयुषी जैन ने लोगों से अपील की कि वे अपनी और अपने परिजनों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें, ताकि सड़क हादसों में होने वाली अनहोनी से बचा जा सके।
कार्रवाई के दौरान नहीं चली किसी की सिफारिश
चेकिंग के दौरान कुछ वाहन चालकों ने कार्रवाई से बचने के लिए रसूखदारों के जरिए सिफारिशी फोन भी घनघनाए, लेकिन मौके पर मौजूद अधिकारियों ने किसी भी दबाव को स्वीकार नहीं किया। सभी नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार शिकंजा कसा गया।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!