ग्वालियर के पड़ाव थाना इलाके में शनिवार दोपहर छात्राओं की बहादुरी का एक अनूठा मामला सामने आया है। यहां कॉलेज जा रही दो सगी बहनों से एक बाइक सवार युवक ने मोबाइल छीन लिया, लेकिन पीड़ित बहनों ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाश को न सिर्फ खदेड़ा, बल्कि खुद ही उसे मौके पर धर दबोचा।

झपट्टा मारकर छीना था फोन

मुरार स्थित सीपी कॉलोनी की रहने वाली बहनें अर्पिता (हर्षिता) और रसिता अग्रवाल स्कूटी पर सवार होकर कॉलेज के लिए निकली थीं। जब वे पड़ाव इलाके में सोफा गैलरी के करीब पहुंचीं, तभी एक शातिर बदमाश ने चलती स्कूटी पर पीछे बैठी छात्रा के हाथ पर झपट्टा मारा और मोबाइल लूटकर फरार हो गया। इस अचानक हुई घटना से घबराने के बजाय दोनों ने फौरन बदमाश का पीछा करने की ठान ली।

80 की रफ्तार से स्कूटी से दिया पीछा

छात्राओं ने वक्त गंवाए बिना अपनी स्कूटी करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बदमाश के पीछे भगा दी। सोफा गैलरी से लेकर फूलबाग तक दोनों ने फिल्मी अंदाज में आरोपी की बाइक का पीछा किया। फूलबाग के पास आगे एक टेम्पो आ जाने से बदमाश की गति धीमी हुई और वह मुड़ने लगा, तभी साहसी बहनों ने अपनी स्कूटी उसकी बाइक के पिछले हिस्से में दे मारी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा।

जमीन पर गिरते ही दोनों बहनों ने बिना एक पल गंवाए आरोपी को दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। यह हंगामा देख आसपास के लोग भी तुरंत इकट्ठा हो गए। जब लोगों को माजरा समझ आया कि वह एक मोबाइल लुटेरा है, तो भीड़ ने भी बहनों का साथ दिया और आरोपी की धुनाई कर दी।

डोमिनोज का डिलीवरी बॉय निकला आरोपी

मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान पंजाब निवासी मनप्रीत के रूप में दी है। आरोपी ने बताया कि वह महज दो दिन पहले ही ग्वालियर आया था और एक फूड डिलीवरी चेन 'डोमिनोज' में डिलीवरी बॉय का काम कर रहा था। उसने कबूल किया कि उसके पास कमरा किराए पर देने के लिए पैसे नहीं थे, इसलिए उसने यह वारदात को अंजाम दिया।

पड़ाव थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके पुराने रिकॉर्ड की जानकारी जुटाने के लिए पंजाब पुलिस से संपर्क किया जा रहा है।

इन दोनों बहनों के अदम्य साहस को देखते हुए स्थानीय पुलिस महकमे में उनकी चर्चा हो रही है। इस जांबाजी के लिए हर्षिता और रसिता को ग्वालियर के एसएसपी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।