ग्वालियर अंचल में साइबर जालसाजों के पैर लगातार पसार रहे हैं। शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बीते 12 घंटों के भीतर ठगी की पांच बड़ी घटनाएं दर्ज की गई हैं। शातिर अपराधियों ने शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे, कपड़ों की फर्जी फ्रेंचाइजी, टेलीग्राम टास्क जॉब, पेंशन कार्ड अपडेट और बैंक खातों में सेंध लगाकर कुल सात लाख रुपये की चपत लगाई है।
शेयर ट्रेडिंग और फ्रेंचाइजी के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा
बहोड़ापुर निवासी देवेंद्र शर्मा को ड्रीम बिल्ड्स ग्रुप के नाम पर शेयर ट्रेडिंग का लालच देकर न्यूज टेट एप डाउनलोड कराया गया और 83 हजार से अधिक रुपये हड़प लिए गए। रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने 14 लाख रुपये और जमा करने की मांग की। वहीं थाटीपुर के अभिषेक सिंह यादव को स्निच ब्रांड के नाम पर फर्जी फ्रेंचाइजी देने का झांसा देकर 2.75 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए।
टास्क और पेंशन कार्ड के बहाने खातों को किया खाली
एक अन्य मामले में थाटीपुर निवासी सोनम डण्डौतिया को टेलीग्राम के जरिए ऑनलाइन टास्क और कमाई का लालच देकर 1.13 लाख रुपये ठग लिए गए, जिस पर पुलिस ने बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा, बहोड़ापुर के सेवानिवृत्त वन कर्मचारी देवराज सिंह संबलिया को पेंशन कार्ड बनवाने के नाम पर भेजे गए फर्जी फॉर्म के जरिए उनके बैंक खाते से 54 हजार से अधिक रुपये निकाल लिए गए।
बिना ओटीपी और जानकारी के बैंक खाते से निकले रुपये
पांचवीं घटना बहोड़ापुर के आनंद नगर की है, जहां राजवीर सिंह धाकड़ के बैंक खाते से बिना किसी पूर्व जानकारी या ओटीपी के दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 99 हजार रुपये गायब हो गए। बैंक से मैसेज आने के बाद मामले का खुलासा हुआ।
इन सभी वारदातों के सामने आने के बाद पीड़ितों ने पुलिस हेल्पलाइन और संबंधित थानों में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामलों को संज्ञान में लेते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है और साइबर सेल की मदद से ठगों के बैंक खातों व मोबाइल नंबरों की तलाश शुरू कर दी है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!