ग्वालियर जिले के मुरार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आजाद नगर इलाके में एक ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दो युवकों और एक महिला की तिकड़ी ने मिलकर एक घरेलू महिला को अपना शिकार बनाया और उसके सारे सोने के जेवर लेकर चंपत हो गए।
एटीएम का रास्ता पूछने के बहाने रोका
पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, कृष्णापुरी निवासी 44 वर्षीय उजाला बाथम पत्नी संजय कुमार बाथम 31 जुलाई की दोपहर स्थानीय सब्जी मंडी से खरीदारी कर अपने घर लौट रही थीं। जब वह खुला संतर के पास एक दुकान के समीप पहुंचीं, तो एक अज्ञात युवक ने उनके पास आकर एटीएम का रास्ता पूछना शुरू कर दिया। उसी दौरान बातचीत में एक और युवक भी वहां आ पहुंचा। पहले युवक ने अपनी जेब से एक कपड़े की थैली निकाली, जिसमें पांच-पांच सौ रुपये के नोटों की गड्डियां नजर आ रही थीं।
साजिश में महिला को भी किया शामिल
दोनों युवक बातों ही बातों में पीड़िता को आजाद नगर की गली नंबर-1 तक ले आए। वहां पहले से ही एक अन्य महिला मौजूद थी, जो इस ठग गिरोह की ही सदस्य थी। आरोपियों ने महिला को नोटों की गड्डी देने का झांसा दिया और इसके बदले उसके गहने गिरवी या सुरक्षित रखने के नाम पर मांगने लगे। जब पीड़िता ने ऐसा करने से मना किया, तो वहां पहले से मौजूद महिला ने अपनी सोने की चेन उतारकर युवक को दिखाई और तुरंत वापस भी ले ली, जिससे उजाला बाथम का भरोसा उन पर बन गया।
भरोसा पुख्ता होने के बाद पीड़िता ने अपने कानों के बाले, हाथ की अंगूठी और मंगलसूत्र समेत तमाम सोने के आभूषण उतारकर आरोपियों को सौंप दिए। इसी बीच शातिरों ने सफाई से हाथ की सफाई दिखाते हुए जेवर रखे रुमाल को बदल दिया और उसकी जगह एक अन्य रुमाल थमा दिया, जिसमें केवल कंकड़ और पत्थर बंधे हुए थे।
घर पहुंचने पर हुआ धोखाधड़ी का खुलासा
घटना के तुरंत बाद महिला घबराहट में घर पहुंच गई। घर जाकर जब उसने रुमाल खोलकर देखा तो उसके होश उड़ गए, क्योंकि अंदर जेवरों के बजाय केवल पत्थर मिले। शुरुआत में डर और सदमे की वजह से उसने किसी को कुछ नहीं बताया, लेकिन बाद में हिम्मत जुटाकर उसने मुरार थाने में पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मुरार थाना प्रभारी मैना पटेल का कहना है कि पुलिस ने पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का मानना है कि इस इलाके में महिलाओं को निशाना बनाने वाला यह वही पुराना गिरोह हो सकता है जो पहले भी मुरार, कोतवाली और जनकगंज थाना क्षेत्रों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!