ग्वालियर अंचल के भितरवार नगर में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। सोमवार को यहां एक गल्ला व्यापारी की दुकान को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने 50 किलो मूंग दाल से भरा कट्टा चुरा लिया। इस पूरी घटना का वीडियो दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास कर रही है।

करैरा रोड स्थित गोदाम पर हुई वारदात

यह मामला भितरवार के करैरा रोड पर स्थित गल्ला व्यापारी संदीप मोदी के प्रतिष्ठान से जुड़ा है। सोमवार को दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर उनकी दुकान पर पहुंचे। इनमें से एक युवक ने गाड़ी को बाहर ही स्टार्ट रखा जबकि दूसरा युवक मौका पाकर सीधे दुकान के अंदर दाखिल हो गया।

स्टॉक मिलान करने पर हुआ चोरी का खुलासा

दुकान के भीतर घुसे चोर ने चालाकी से वहां रखा 50 किलोग्राम मूंग दाल का कट्टा उठाया और उसे बाहर लाकर अपनी मोटरसाइकिल पर रख लिया। इसके बाद दोनों बदमाश मौके से आसानी से फरार हो गए। शुरुआत में संचालक को चोरी का पता नहीं चल सका, लेकिन जब उन्होंने स्टॉक का मिलान किया तो सामान कम मिला।

स्टॉक में गड़बड़ी मिलने पर व्यापारी ने तुरंत अपनी दुकान के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले। फुटेज देखने पर स्पष्ट हुआ कि दिनदहाड़े उनकी दुकान से मूंग का कट्टा चोरी कर लिया गया है। इसके बाद पीड़ित व्यापारी ने थाने पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज के साथ पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी पुलिस

भितरवार थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाहा ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गल्ला व्यापारी की दुकान से 50 किलो मूंग का कट्टा चोरी होने की शिकायत मिली है। पुलिस के हाथ दुकान का सीसीटीवी फुटेज लग चुका है और उसी के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।