शिवपुरी शहर की कोतवाली पुलिस ने एक 25 वर्षीय महिला से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह आरोपी पीड़िता का पड़ोसी बताया जा रहा है, जिसने जान-पहचान का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा और कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया है।

पड़ोसी ने उठाया जान-पहचान का फायदा

कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे ने बताया कि 27 मई 2026 को 25 वर्षीय महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला के अनुसार, 26 मई को जब वह अपने घर पर अकेली थी, तब उसका पड़ोसी मंगल राठौर (30) घर में घुस आया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने जबरदस्ती उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने यह भी बताया कि आरोपी से उसकी पहले से जान-पहचान थी, जिसका उसने नाजायज फायदा उठाया।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर कोतवाली थाने में आरोपी मंगल राठौर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस तभी से आरोपी की तलाश कर रही थी।

पुलिस ने ऐसे दबोचा आरोपी

शनिवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मनियर पार्क के पास छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर ली। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा कर लिया और उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तार करने के बाद आरोपी मंगल राठौर को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया है।