शिवपुरी जिले के कोलारस वन क्षेत्र अंतर्गत तेंदुआ थाना इलाके के रामराई गांव में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां सोमवार रात को एक जंगली सियार ने घर के बाहर टहल रहे 54 वर्षीय ग्रामीण पर अचानक हमला बोल दिया।
भोजन के बाद टहल रहे थे ग्रामीण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नकटू राम धाकड़ सोमवार की रात करीब 8 बजे खाना खाने के बाद अपने नाती के साथ घर के बाहर टहलने निकले थे। इसी दौरान घात लगाकर बैठे एक सियार ने उन पर धावा बोल दिया और उनके हाथ तथा पैर में गंभीर रूप से काट लिया।
नाती की जान बचाने के लिए खुद भिड़े
हमले के बाद सियार ने नकटू राम के साथ मौजूद उनके नाती पर भी झपटने का प्रयास किया। अपने नाती को सुरक्षित बचाने के लिए बुजुर्ग ने भारी साहस का परिचय देते हुए सियार को अपने पैरों के नीचे दबा लिया और जोर-जोर से चिल्लाने लगे।
बेटे ने आकर बचाई जान
बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर उनके बेटे संतोष धाकड़ तुरंत मौके पर दौड़कर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को भांपते हुए लाठी से सियार पर प्रहार किया, जिससे मौके पर ही सियार की मौत हो गई।
इस अप्रत्याशित घटना में गंभीर रूप से घायल हुए नकटू राम को तुरंत उनके परिजन कोलारस स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!