शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र अंतर्गत उकावल गांव में वन विभाग की टीम को उस समय विरोध का सामना करना पड़ा, जब वे वन भूमि से अवैध कब्जा हटाने पहुंचे थे। कार्रवाई के दौरान एक युवक ने ट्रैक्टर को जब्त होने से रोकने के लिए बोलेरो वाहन के नीचे लेटकर प्रदर्शन किया। इस बीच ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।

क्या है पूरा मामला?

वन विभाग को सूचना मिली थी कि कुछ लोग ट्रैक्टर का उपयोग कर वन भूमि पर जुताई कर रहे हैं। इस सूचना पर विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। जब वनकर्मी ट्रैक्टर को जब्त करने का प्रयास कर रहे थे, तभी मुकेश आदिवासी नामक एक युवक बोलेरो गाड़ी के नीचे जाकर लेट गया।

वनकर्मियों ने युवक को वाहन के नीचे से बाहर निकालने की कई कोशिशें कीं, लेकिन वह अपनी जगह से नहीं हिला। युवक तब तक वहीं लेटा रहा, जब तक ट्रैक्टर चालक अपना ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग नहीं गया।

ट्रैक्टर के वहां से निकल जाने के बाद ही युवक बोलेरो के नीचे से बाहर आया। इस घटनाक्रम के चलते वन विभाग की टीम ट्रैक्टर को जब्त नहीं कर पाई और उन्हें खाली हाथ वापस लौटना पड़ा।

वन भूमि पर लंबे समय से है कब्जा

जानकारी के अनुसार, सनवारा बीट के उकावल गांव के पास लगभग 100 बीघा से अधिक वन भूमि पर जूर गांव के 8 से 10 आदिवासी परिवार लंबे समय से कब्जा किए हुए हैं। वन विभाग ने हाल ही में इस जमीन को वृक्षारोपण के लिए चिन्हित किया है।

इसी योजना के तहत यह अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी, लेकिन भारी विरोध के कारण यह पूरी नहीं हो सकी। अब वन विभाग इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की रणनीति तैयार कर रहा है।