नाले में नहाने गए थे बच्चे

शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां जेल कॉलोनी के पास नाले में नहाने गए दो बच्चे गहरे पानी में डूब गए। इस दुर्घटना में दोनों मासूमों की जान चली गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

अचानक गहरे पानी में चले गए मासूम

बुधवार दोपहर करीब चार बजे जेल कॉलोनी के कुछ बच्चे इलाके के पास स्थित नाले में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान छह साल का असरद खान (पुत्र इजराइल खान) और सात साल का डब्बू खान (पुत्र सलमान खान) अन्य बच्चों के साथ पानी में थे और खेलते-खेलते अचानक गहरे पानी में चले गए।

अस्पताल पहुंचने पर हुई पुष्टि

साथ में नहा रहे अन्य बच्चों ने जब दोनों को डूबते हुए देखा, तो वे तुरंत दौड़कर कॉलोनी में पहुंचे और लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चों को नाले से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें फौरन कोलारस स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद कोलारस थाना पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। एक साथ दो मासूमों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।