शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले छितीपुर गांव में रविवार दोपहर को एक दर्दनाक हादसा हो गया। दीपावली के पर्व की तैयारियां चल रही थीं और इसी बीच एक परिवार की खुशियां उजड़ गईं। घर की लिपाई-पुताई के लिए खेत पर मिट्टी खोद रही एक युवती अचानक खुले कच्चे कुएं में जा गिरी, जिससे उसकी जान चली गई।

मिट्टी खोदते समय फिसला पैर

छितीपुर गांव की रहने वाली 18 साल की सोनम जाटव पुत्री सुरेश जाटव रविवार दोपहर को अपने खेत पर गई थी। आगामी दीपावली को देखते हुए घर को लीपने के लिए मिट्टी की जरूरत थी, जिसे खोदने का काम सोनम कर रही थी। खेत पर बने कच्चे कुएं के पास जब वह मिट्टी निकाल रही थी, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह सीधे कुएं के अंदर जा गिरी।

दो घंटे की मशक्कत के बाद निकाला शव

युवती के कुएं में गिरने की खबर मिलते ही ग्रामीण तुरंत मौके पर एकत्रित हो गए। घटना की सूचना तुरंत दिनारा पुलिस को भी दी गई। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए अपने स्तर पर रेस्क्यू शुरू किया और कांटा डालकर सोनम को कुएं से बाहर निकालने के प्रयास किए। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला जा सका, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उसकी मौत हो चुकी थी।

सगाई के बाद त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं

इस अप्रत्याशित हादसे के बाद मृतका के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। खास बात यह है कि सोनम की कुछ महीने पहले ही सगाई तय हुई थी और घर में शादी और त्योहार को लेकर उत्साह का माहौल था। एक झटके में बेटी की इस तरह मौत हो जाने से पूरा परिवार सदमे में है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद दिनारा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और कानूनी कार्रवाई करते हुए सोनम के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।