रिश्तेदार के घर गया था परिवार

शिवपुरी जिले के करौंदी क्षेत्र में रविवार दोपहर एक हृदय विदारक घटना सामने आई। यहां एक डेढ़ साल की मासूम बच्ची की पानी से भरी टंकी में डूबने से जान चली गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान आदिश्री परिहार के रूप में हुई है, जो अपनी मां के साथ रिश्तेदार श्याम परिहार के घर गई हुई थी।

कीर्तन के दौरान खेलते हुए छत पर पहुंची बच्ची

घटना के समय मकान में अष्टमी के अवसर पर भजन-कीर्तन का आयोजन चल रहा था, जिसमें सभी लोग व्यस्त थे। इसी दौरान डेढ़ साल की आदिश्री खेलते-खेलते मकान की पहली मंजिल पर जा पहुंची। वहां लगभग तीन फीट ऊंची सीमेंट की पानी की टंकी रखी हुई थी, जिसमें वह अनजाने में गिर गई।

एक घंटे बाद टंकी के पास मिला शव

जब काफी देर तक बच्ची परिजनों को दिखाई नहीं दी, तो घर में उसकी तलाश शुरू की गई। लगभग एक घंटे की खोजबीन के बाद जब परिजन पहली मंजिल पर बने टैंक के पास पहुंचे, तो आदिश्री पानी के अंदर मृत अवस्था में मिली। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार में पसरा मातम

मृत बच्ची के पिता आकाश परिहार मेडिकल कॉलेज में वार्ड बॉय के पद पर कार्यरत हैं। इस अचानक हुई दुर्घटना के बाद से पूरे परिवार में मातम छा गया है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय स्तर पर इस घटना की सूचना के बाद से ही शोक की लहर दौड़ गई है, हालांकि इस मामले में किसी प्रकार की पुलिस कार्रवाई या पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है।