शिवपुरी जिले के करैरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रमेश प्रसाद खटीक के मगरौनी स्थित निवास के बाहर बीते दिनों हुए हंगामे का प्रकरण अब थाने पहुंच गया है। इस संबंध में विधायक के प्रतिनिधियों ने पुलिस थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
रात के समय बिजली समस्या को लेकर पहुंचे थे लोग
यह पूरी घटना 21 सितंबर की रात लगभग 8 से 9 बजे के बीच की बताई जा रही है। शिकायत के अनुसार, बीलोनी के सरपंच बालकिशन जाटव, सुमन जाटव उर्फ शानू, दौलत सिंह और प्रदीप जादौन विधायक के मगरौनी आवास के मुख्य दरवाजे पर पहुंचे थे और क्षेत्र में बिजली की समस्या के तुरंत समाधान की मांग कर रहे थे।
शिकायतकर्ताओं का यह भी आरोप है कि इनमें से कुछ व्यक्ति शराब के नशे में धुत थे और गेट को लगातार धक्का दे रहे थे। उस दौरान विधायक ने उन्हें शांत कराते हुए समझाया कि रात का वक्त है और गणेश विसर्जन के आयोजनों में बिजली विभाग के कर्मचारी व्यस्त हैं। साथ ही यह भरोसा भी दिया था कि सुबह बिजली अधिकारियों से चर्चा कर बकाया बिल और कनेक्शन से जुड़ी अड़चनों को दूर करवा दिया जाएगा।
अभद्रता और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने का आरोप
समझाइश के बावजूद वे लोग शांत नहीं हुए और उग्र होकर विधायक के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए हंगामा करने लगे। आरोप है कि इस घटना का एक वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर भी प्रसारित किया गया, जिसमें विधायक पर गाली-गलौज करने के झूठे आरोप मढ़े गए हैं।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रागीलाल जाटव पर भी सोशल मीडिया के माध्यम से संबंधित वीडियो साझा करने का गंभीर आरोप लगाया गया है। इसे जनप्रतिनिधि की छवि धूमिल करने का सुनियोजित प्रयास बताया जा रहा है। मामले की जानकारी देते हुए पड़ोसी विजय बाबू आर्य और उदय वीर सिंह ने भी अपनी बात रखी है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सत्यता साबित करने के लिए विधायक पक्ष की ओर से घर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग और वायरल वीडियो की पेन ड्राइव पुलिस को साक्ष्य के तौर पर सौंपी गई है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मगरौनी चौकी प्रभारी अभिमन्यु सिंह राजावत ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को लिखित शिकायत के साथ सीसीटीवी फुटेज भी प्राप्त हो चुके हैं। पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है और तथ्य सामने आने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!