शिवपुरी जिले के पिछोर जनपद के अंतर्गत आने वाली सलैया पंचायत में शासकीय उचित मूल्य दुकान के सेल्समैन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। यहां राशन न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने जब आवाज उठाई, तो उन्हें सेल्समैन की अभद्रता का सामना करना पड़ा।

सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराई थी शिकायत

सलैया गांव निवासी जितेंद्र कुमार झा ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र के कई उपभोक्ताओं को तय समय पर राशन नहीं मिल पा रहा था। इस परेशानी से तंग आकर ग्रामीणों ने मजबूरी में सीएम हेल्पलाइन 181 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी।

जितेंद्र के अनुसार, शिकायत दर्ज होने के बाद खाद्य निरीक्षक गौरव कदम का फोन आया था। अधिकारी ने ग्रामीणों को सलाह दी थी कि वे पहले दुकान से अपना राशन प्राप्त कर लें और उसके बाद सीएम हेल्पलाइन की शिकायत को बंद करवा दें।

दुकान पर पहुंचे तो शुरू हो गई गाली-गलौज

अधिकारी के कहने पर जब ग्रामीण चनंखारी गांव स्थित राशन दुकान पर खाद्यान्न लेने पहुंचे, तो वहां माहौल बिगड़ गया। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि दुकान पर मौजूद सेल्समैन महेंद्र और उसके चाचा ने उनके साथ बेहद अभद्र व्यवहार किया तथा गाली-गलौज करते हुए मारपीट की कोशिश भी की।

स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि राशन वितरण प्रणाली में भारी अनियमितताएं बरती जा रही हैं। सेल्समैन द्वारा चुनिंदा लोगों का बायोमेट्रिक अंगूठा लगवाकर राशन दे दिया जाता है, जबकि कई पात्र और गरीब परिवार आज भी अनाज के लिए भटक रहे हैं।

अधिकारियों की प्रतिक्रिया और कार्रवाई

इस पूरे घटनाक्रम पर खाद्य निरीक्षक गौरव कदम से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क साधने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से फोन का कोई जवाब नहीं दिया गया।

दूसरी ओर, राशन वितरण में पाई गई अनियमितताओं और व्यवस्था में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर द्वारा खाद्य निरीक्षक गौरव कदम को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा चुका है। ग्रामीण अब इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।