प्रशासन ने बुलडोजर से हटाया अवैध कब्जा

शिवपुरी जिले के अंतर्गत आने वाले कोलारस कस्बे में गुरुवार को प्रशासनिक अमले ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। स्थानीय प्रशासन की टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से रास्ते की जमीन पर किए गए कच्चे अतिक्रमण को जमींदोज कर दिया। यह पूरी कार्रवाई एक स्थानीय परिवार द्वारा की गई शिकायतों के बाद अमल में लाई गई है।

पानी की टंकी पर चढ़कर जताया था विरोध

इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत तब हुई जब वार्ड क्रमांक 12 में रहने वाला कुशवाह परिवार रास्ते की समस्या को लेकर लंबे समय से परेशान था। किसी भी स्तर पर राहत न मिलने के बाद बीते 29 सितंबर को रामश्री कुशवाह अपने परिवार और छोटे बच्चों के साथ पानी की टंकी पर जा चढ़े थे। करीब पांच घंटे तक चले इस हंगामे के बाद अधिकारियों के आश्वासन मिलने पर ही वे नीचे उतरे थे।

घटना के अगले दिन यानी 30 सितंबर को राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सीमांकन का कार्य भी पूरा किया था, लेकिन इसके बावजूद आगे की कानूनी कार्रवाई ठंडे बस्ते में चली गई थी। तंग आकर बुधवार को पीड़ित परिवार ने सीधे कलेक्टर के समक्ष अपनी बात रखी, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।

लिखित आश्वासन के बाद 24 घंटे की मोहलत

मौके पर की गई कार्रवाई के दौरान कल्याण दास बैरागी के मकान का कच्चा हिस्सा तोड़ा गया। वहीं बैरागी पक्ष की ओर से अगले 24 घंटों के भीतर स्वयं ही अपना सामान हटाने और पक्का अतिक्रमण हटाने का लिखित आश्वासन दिया गया है, जिसके बाद प्रशासनिक टीम फिलहाल लौट आई।

इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए एसडीएम शिवदयाल धाकड़ ने स्पष्ट किया है कि प्रशासन द्वारा दी गई 24 घंटे की समय सीमा समाप्त होने के बाद स्थिति की फिर से समीक्षा की जाएगी। यदि तय समय में अवैध कब्जा नहीं हटाया गया, तो प्रशासनिक अमला दोबारा बल प्रयोग कर कार्रवाई करेगा।