शिवपुरी पुलिस ने शहर में हुई लाखों की चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा किया है। एक ही रात में पांच दुकानों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ करने वाले अंतरराज्यीय चोर गिरोह के चार सदस्यों को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से चोरी का माल और वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की गई है।

एक रात में पांच दुकानों में हुई थी चोरी

जानकारी के अनुसार, 10-11 जुलाई की बीती रात कोतवाली और देहात थाना क्षेत्र में चोरों ने पांच दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इस संबंध में दोनों थानों में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे। पुलिस ने चोरी की इन वारदातों के खुलासे के लिए एक विशेष टीम गठित की थी।

टीम ने शहर के कई इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, टोल प्लाजा के रिकॉर्ड की जांच की और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस की जांच में सामने आया कि चोर वारदात को अंजाम देने के लिए काले रंग की ब्रेजा कार का इस्तेमाल कर रहे थे, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट (HR-19-U-6699) लगी हुई थी।

फर्जी नंबर प्लेट और सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

वारदात के बाद आरोपी भोपाल की ओर भाग गए थे। टोल प्लाजा पर जांच के दौरान इस फर्जी नंबर प्लेट वाली कार का कोई फास्टैग रिकॉर्ड नहीं मिला। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच करने पर पुलिस को एक अहम सुराग मिला। पता चला कि कार का असली फास्टैग UP-14-GN-8497 नंबर की गाड़ी से जुड़ा हुआ था।

इसी सुराग के आधार पर पुलिस की टीम ने पीछा करते हुए उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद तक पहुंची और चार आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में यह भी पता चला कि इन आरोपियों ने भोपाल में भी कुछ चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था।

11 लाख से अधिक का माल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई ब्रेजा कार (UP-14-GN-8497) के साथ-साथ करीब 30,700 रुपये का किराना सामान, लगभग 1 लाख रुपये के रेडीमेड कपड़े, 27,156 रुपये नकद और करीब 10 लाख रुपये की कार बरामद की है। इस तरह कुल 11,62,856 रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में आस मोहम्मद (30), कार्तिक शर्मा (24), जबरुद्दीन खान (23) और आजाद खान (25) शामिल हैं, जो सभी गाजियाबाद के रहने वाले हैं।