कलेक्ट्रेट पहुंचे जिलेभर के राशन विक्रेता
शिवपुरी जिले में मध्यप्रदेश राशन विक्रेता संघ के बैनर तले सोमवार को सभी विक्रेता एकजुट होकर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम एक ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा।
कमीशन बढ़ाने और आय की गारंटी की मांग
विक्रेताओं का कहना है कि प्रदेश की करीब 28 हजार शासकीय उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली का संचालन किया जा रहा है। महंगाई के इस दौर में बेहद कम कमीशन मिलने के कारण दुकानदारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
संघ ने मांग की है कि खाद्यान्न वितरण पर मिलने वाला कमीशन बढ़ाकर दो सौ रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। इसके साथ ही प्रत्येक विक्रेता के लिए प्रतिमाह चालीस हजार रुपये की निश्चित आय की गारंटी तय की जाए।
अन्य राज्यों का दिया हवाला
संघ के पदाधिकारी सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि अन्य राज्यों के मुकाबले मध्यप्रदेश में दुकानदारों को काफी कम लाभांश मिल रहा है। बिहार, केरल, हरियाणा, दिल्ली और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में राशन डीलरों को बेहतर कमीशन दिया जा रहा है।
उन्होंने मांग रखी कि खाद्यान्न शॉर्टेज में प्रति क्विंटल एक किलो की क्षतिपूर्ति दी जाए तथा हर महीने की पांच तारीख तक अनिवार्य रूप से कमीशन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
हड़ताल और आंदोलन की चेतावनी
राशन डीलरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर समय रहते विचार नहीं किया गया, तो वे प्रदेश स्तर पर सात दिवसीय आंदोलन और हड़ताल का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!