हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी

शिवपुरी जिले के इंदार थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव स्थित हनुमान मंदिर में चोरी की एक अजीब वारदात सामने आई है। शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने मंदिर से चांदी का एक मुकुट पार कर दिया। रविवार सुबह जब ग्रामीणों को घटना का पता चला, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

ताले सुरक्षित, केवल एक मुकुट गायब

इंदार थाना प्रभारी विवेक यादव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर से केवल एक ही चांदी का मुकुट चोरी हुआ है। हैरानी की बात यह है कि मंदिर में रखे अन्य चांदी के मुकुट और सामान को चोर ने हाथ तक नहीं लगाया। इसके अलावा मंदिर के ताले भी टूटे हुए नहीं मिले हैं। इन सभी संदिग्ध परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस हर पहलू से गहराई से जांच कर रही है।

पुजारी पर शक और ग्रामीणों में आपसी विवाद

चोरी की इस घटना के बाद रामगढ़ गांव के लोग दो गुटों में बंट गए हैं। एक पक्ष के ग्रामीणों ने मंदिर के पुजारी बकील शर्मा महाराज की भूमिका पर संदेह जताया है। उनका मानना है कि इस घटना के पीछे पुजारी का हाथ हो सकता है, जिससे गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया है।

समर्थकों ने बताया साजिश, 15 साल से सेवा का हवाला

दूसरी ओर, पुजारी के समर्थन में आए ग्रामीणों ने इन सभी आरोपों को निराधार और साजिश करार दिया है। समर्थकों का कहना है कि बकील शर्मा महाराज पिछले 15 वर्षों से लगातार मंदिर में पूजा-पाठ कर रहे हैं और उन्हें जानबूझकर इस मामले में फंसाया जा रहा है।

पुजारी के समर्थकों का आरोप है कि गांव के कुछ लोग उन्हें मंदिर से हटाकर वहां किसी अन्य व्यक्ति को पुजारी के रूप में लाना चाहते हैं। इसी रंजिश के चलते उन पर चोरी के झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है।