शिवपुरी जिले के कोलारस इलाके में मंगलवार शाम को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक ही परिवार के पांच सदस्य विरोध प्रदर्शन करते हुए धर्मशाला हनुमान मंदिर के पास स्थित पानी की टंकी पर जा पहुंचे। टंकी पर चढ़ने वालों में रामश्री कुशवाहा, रामबाई कुशवाहा, दीपक, संजय और ओमप्रकाश शामिल हैं।
शासकीय रास्ते पर अवैध निर्माण का आरोप
इस प्रदर्शन के दौरान टंकी के नीचे दीपक और संजय की मां बैठकर रोती-बिलखती नजर आईं। परिवार का कहना है कि वार्ड नंबर-12 में चंदेरी की पोर रामलीला मैदान के नजदीक शासकीय जमीन और आम रास्ता है, जिस पर अवैध निर्माण कर रास्ता बंद किया जा रहा है। उनका यह भी आरोप है कि इससे आम जनता को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रभावित परिवार ने इससे पहले 11 सितंबर को जिला कलेक्टर को आवेदन देकर इस मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके अतिरिक्त नगर परिषद, स्थानीय तहसील और पुलिस स्तर पर भी गुहार लगाई गई थी। परिवार का दावा है कि अधिकारियों द्वारा निर्माण कार्य रोकने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन उसके बावजूद दोबारा काम शुरू कर दिया गया।
विवादित जमीन और सर्वे नंबर का मामला
परिवार के अनुसार इस पूरे विवाद में शासकीय भूमि के सर्वे नंबर 1044, 1045 और 1083 के साथ-साथ मंदिर डोली की जमीन का मसला भी जुड़ा हुआ है। लंबे समय से प्रशासनिक स्तर पर सुनवाई न होने से आहत होकर ही उन्हें मंगलवार को टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद
घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारी टंकी पर बैठे परिवार के सदस्यों को लगातार नीचे उतरने के लिए मना रहे थे और मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दे रहे थे।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!