शिवपुरी जिले के नरवर कस्बे में रविवार शाम माता विसर्जन के लिए निकाले जा रहे जुलूस के दौरान अचानक दो पक्षों के बीच तनाव पैदा हो गया। यह घटना कस्बे के मोटे महादेव मंदिर के समीप स्थित पेट्रोल पंप के सामने सामने आई, जहां जुलूस में शामिल युवक आपस में भिड़ गए।

तालाब की ओर जा रहा था जुलूस

मिली जानकारी के अनुसार नरवर में स्थापित की गई माता की प्रतिमाओं को नवमी के अवसर पर नगर भ्रमण कराया गया था। इसके पश्चात इन सभी प्रतिमाओं को विसर्जन हेतु लखना तालाब ले जाया जा रहा था। इसी आवाजाही के क्रम में जुलूस में शामिल कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।

देखते ही देखते यह मामूली कहासुनी बड़े विवाद में तब्दील हो गई और दोनों गुटों के युवक आमने-सामने आ गए। इस दौरान वहां जमकर लात-घूंसे चले, जिससे जुलूस में अफरातफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटनास्थल पर सुरक्षा में तैनात पुलिस बल ने तुरंत स्थिति को संभालने का प्रयास किया। विवाद बढ़ता देख पुलिसकर्मियों ने लाठियां चलाकर उग्र भीड़ को खदेड़ा और दोनों पक्षों को अलग किया।

फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं

इस पूरे घटनाक्रम के संबंध में नरवर थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने जानकारी दी है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।