शिवपुरी शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए बुधवार को प्रशासनिक अमले ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। अस्पताल चौराहे से लेकर माधव चौक तक चले इस अभियान के दौरान सड़क के दोनों ओर किए गए अस्थाई कब्जों को हटाया गया।

दुकानों के बाहर से हटाए शेड और सामान

अभियान के तहत दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर लगाए गए शेड, डिस्प्ले बोर्ड और अन्य सामान को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने खुद ही अपना सामान हटाने के लिए प्रशासन से थोड़ा समय दिए जाने का अनुरोध भी किया।

ठेला संचालकों को दी गई वैकल्पिक जगह

कोर्ट रोड पर नियमित रूप से लगने वाले हाथ ठेलों को भी प्रशासनिक टीम ने हटवाया। इस दौरान ठेला संचालकों को वेंडिंग जोन के तहत ठंडी सड़क, बीटीपी स्कूल के समीप और पुराने बस स्टैंड के पास निर्धारित वैकल्पिक स्थानों की जानकारी दी गई। स्थिति को समझते हुए ठेला संचालक फिलहाल ठंडी सड़क पर फल और सब्जियों की दुकानें लगाने पर सहमत हो गए।

गांधी चौक पर मिला अल्टीमेटम और प्रेम स्वीट्स पर जब्ती

कार्रवाई के दौरान माधव चौक स्थित प्रेम स्वीट्स के बाहर रखे सामान को प्रशासनिक अमले द्वारा जब्त कर लिया गया। इसके पश्चात टीम गांधी चौक पहुंची, जहां दुकानों के बाहर सड़क पर रखे सामान को हटाने की प्रक्रिया शुरू होते ही कुछ महिला दुकानदारों ने इसका विरोध जताया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सख्ती बरतने के बजाय उन्हें शाम तक का समय देते हुए खुद ही सामान और दुकानें हटाने की चेतावनी दी।

अतिक्रमण हटने के बाद कोर्ट रोड और आसपास के हिस्से काफी चौड़े नजर आए, जिससे वहां से गुजरने वाले राहगीरों और वाहनों के लिए आवागमन काफी हद तक सुगम हो गया है।

इस पूरी कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। मौके पर एसडीएम, नगर पालिका सीएमओ और नगर पालिका का अमला जेसीबी व ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करता रहा।