शिवपुरी शहर के पोहरी रोड पर स्थित सेंट चार्ल्स स्कूल के सामने वाली शाही कॉलोनी में दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की घटना सामने आई है। यहां दो नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर सनसनी फैला दी और घर में मौजूद अकेली महिला को निशाना बनाया।
सगाई के अगले दिन घर को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार शांति नामदेव का परिवार मूल रूप से बैराड़ थाना क्षेत्र के एंचबाड़ा गांव का रहने वाला है और उन्होंने शिवपुरी की शाही कॉलोनी में मकान बनाया हुआ है। हाल ही में रविवार को उनके छोटे बेटे नीरज नामदेव का सगाई समारोह शहर के एक होटल में संपन्न हुआ था। इस खुशी के माहौल के ठीक अगले दिन ही बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना के वक्त घर में बड़ी बहू मोनिका नामदेव अकेली मौजूद थीं। उनके पति कार्यक्रम के तुरंत बाद गांव वापस लौट चुके थे, जबकि परिवार के बाकी सदस्य यानी सास, ससुर और ननद जरूरी दवाइयां लेने के लिए बाजार गए हुए थे।
कमरे में बंद कर अलमारी से पार किए गहने
दोपहर के शांत समय का फायदा उठाकर मुंह पर कपड़ा बांधे दो अज्ञात युवक सीधे घर के अंदर दाखिल हो गए। आरोप है कि उन्होंने मोनिका नामदेव को डरा-धमकाकर काबू में किया और उनसे अलमारी की चाबी हासिल की, जिसके बाद उन्हें एक अन्य कमरे में बंद कर दिया गया।
इस दौरान एक बदमाश ने दरवाजे के बाहर पहरा दिया, जबकि दूसरे बदमाश ने कमरे की अलमारी खोलकर उसमें रखे सारे कीमती जेवरात समेट लिए और दोनों वहां से फरार हो गए।
सगाई की अंगूठी और बेटी का हार भी ले गए चोर
पीड़ित परिवार के मुताबिक चोर घर से दो सोने के हार, एक मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठियां और एक जोड़ी चांदी की तोड़ियां चुरा ले गए। खास बात यह है कि इन चुराए गए सामानों में बेटी कुंती नामदेव का सोने का हार और एक दिन पहले ही बेटे की सगाई में मिली अंगूठी भी शामिल थी।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय कोतवाली थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मु मुआयना किया। पुलिस अब आसपास के मकानों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू और संदेहास्पद बिंदुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!