शिवपुरी जिले के बैराड़ कस्बे में शनिवार को धार्मिक संगठनों ने विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ता बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए और प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा।

बाइक जुलूस निकालकर पहुंचे तहसील कार्यालय

प्रदर्शन के दौरान सभी कार्यकर्ता ठाकुर बाबा मंदिर परिसर से बाइक जुलूस की शक्ल में रवाना हुए। नारेबाजी करते हुए यह काफिला स्थानीय तहसील कार्यालय पहुंचा, जहां प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया।

कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार दृगपाल सिंह और थाना प्रभारी सुरेश शर्मा से मुलाकात कर अपनी सूचियां और मांगें साझा कीं।

कब्रिस्तान के लिए जमीन आवंटन पर आपत्ति

संगठन से जुड़े प्रिंस प्रजापति ने इस दौरान जानकारी दी कि हनुमान कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर के सामने सरकारी तालाब के डूब क्षेत्र में कब्रिस्तान के लिए जमीन आवंटित की गई है। इस विषय को लेकर पूर्व में भी प्रशासनिक स्तर पर शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है।

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि इस पूरी भूमि का दोबारा भौतिक सत्यापन व निरीक्षण किया जाए तथा आवंटन को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए। कार्यकर्ताओं ने आशंका जताई है कि इस पथरीली जमीन के आवंटن से जल स्त्रोत और तालाब की सफाई व्यवस्था भी प्रभावित होगी।

नवरात्रि में सुरक्षा और मांस बिक्री पर प्रतिबंध की मांग

इसके अलावा आगामी नवरात्रि पर्व के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा करने की मांग उठाई गई। ज्ञापन में कहा गया कि प्रमुख दुर्गा पंडालों और धार्मिक आयोजनों के आसपास पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाए और अवांछित गतिविधियों पर रोक लगाई जाए।

त्योहार की पवित्रता बनाए रखने के लिए नवरात्रि के दौरान खुले में मीट और मांस की बिक्री पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाए जाने की पुरजोर मांग की गई है।

इस विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान सिद्ध खो आश्रम के महंत जगराम दास महाराज, प्रिंस प्रजापति, भास्कर झा, अंकित गुप्ता, सुनील राजौरिया, छोटू वंसल, अजमेर चंदेल और धर्मेंद्र राठौर समेत विहिप और बजरंग दल के तमाम स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।