शिवपुरी जिले में एक नवविवाहित जोड़े ने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक से मदद मांगी है। खनियाधाना क्षेत्र के इस दंपती का कहना है कि उन्होंने अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया है, लेकिन युवती के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ हैं। उन्हें आशंका है कि परिजन उनकी जान को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
प्रेम विवाह और सुरक्षा की गुहार
जानकारी के अनुसार, खनियाधाना की नई बस्ती निवासी 18 वर्षीय नैन्सी साहू और आदिवासी मोहल्ला, धुविया तालाब निवासी 23 वर्षीय हरिओम शर्मा ने 20 मई 2026 को ग्वालियर स्थित आर्य समाज मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संपन्न किया था। वर्तमान में यह विवाहित जोड़ा शिवपुरी में रह रहा है।
थाने में बयान दर्ज कराने पर जताई आशंका
दंपती ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे आवेदन में बताया कि विवाह के बाद से खनियाधाना थाना पुलिस द्वारा उन्हें लगातार फोन कर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया जा रहा है। उनका आरोप है कि युवती के परिजन इस शादी से नाराज हैं और उन्हें डर है कि थाने जाते समय या वहां किसी भी तरह की अप्रिय घटना हो सकती है।
इसी गंभीर आशंका के चलते सोमवार को यह जोड़ा पुलिस अधीक्षक शिवपुरी के कार्यालय पहुंचा। उन्होंने एसपी से अनुरोध किया है कि उनके बयान खनियाधाना थाने में न दर्ज किए जाएं, बल्कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ही उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए दर्ज किए जाएं। दंपती ने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी भी प्रकार के दबाव या बहकावे में आकर नहीं, बल्कि अपनी पूर्ण सहमति और इच्छा से यह विवाह किया है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!