मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के फिजिकल थाना अंतर्गत एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पत्नी से तलाक की मांग करने पर एक युवक को लहूलुहान कर दिया गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

दो साल से अलग रह रही है पत्नी

कमलागंज निवासी 30 वर्षीय जीतू प्रजापति ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी पिछले दो साल से प्रशांत यादव के साथ रह रही है, लेकिन उनका कानूनी रूप से तलाक नहीं हुआ है। जीतू ने जब अपनी पत्नी से तलाक मांगा, तो इसी बात को लेकर विवाद खड़ा हो गया और रंजिश बढ़ती चली गई।

घर के बाहर दिया वारदात को अंजाम

घटना के दिन जीतू अपने घर के बाहर खड़ा हुआ था। उसी दौरान वहां अंकित झींगा, प्रशांत यादव और नरेंद्र चौरसिया पहुंचे और आते ही उसे गालियां देने लगे। जब जीतू ने विरोध किया, तो प्रशांत और नरेंद्र ने उसे जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई कर दी।

हमले के दौरान आरोपी अंकित झींगा ने एक लोहे की धारदार वस्तु से जीतू के गले पर वार कर दिया। इस हमले में युवक के गले पर गंभीर चोट आई और मौके पर ही खून बहने लगा।

परिवार ने बचाया, पुलिस ने शुरू की जांच

शोरगुल सुनकर मौके पर पहुंचे पीड़ित की मां फूलवती और भाई दीपक ने बीच-बचाव कर किसी तरह उसकी जान बचाई। घटना के बाद घबराए परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना थाने में दी।

फिजिकल थाना पुलिस ने घायल युवक की शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।