मुरैना से शिवपुरी लाई गई थी गंभीर मरीज

मुरैना जिले की एक महिला की सर्पदंश की वजह से शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के शरीर पर जहर का असर इतना गंभीर था कि उसके हाथ-पैर नीले पड़ चुके थे और प्रभावित हिस्सों में गलने जैसे हालात नजर आ रहे थे।

घरेलू काम के दौरान हुआ हादसा

यह पूरी घटना मुरैना जिले के पहाड़गढ़ थाना अंतर्गत आने वाले धोदा गांव की है। यहां रहने वाली 38 वर्षीय सुशीला जाटव पत्नी राम प्रसाद जाटव शुक्रवार दोपहर के वक्त अपने घर के कामकाज में व्यस्त थीं।

इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया, जिससे उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजनों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तुरंत शिवपुरी मेडिकल कॉलेज ले जाने का निर्णय लिया।

अस्पताल पहुंचते ही तोड़ा दम

परिजन शुक्रवार देर शाम को महिला को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि, उपचार शुरू होने के कुछ ही पलों बाद महिला ने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद शनिवार को मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने इस मामले में आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।