बेटी को स्कूल छोड़कर लौट रहे थे शिक्षक

शिवपुरी शहर के विवेकानंद पुरम क्षेत्र में आवारा मवेशियों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। यहां एक अनियंत्रित सांड ने मोटरसाइकिल पर सवार शिक्षक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल की मदद की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अशोक बिहार कॉलोनी निवासी रविन्द्र द्विवेदी कुंवरपुर स्थित हाई स्कूल में शिक्षक के रूप में पदस्थ हैं। बुधवार को वे अपनी बेटी को स्कूल छोड़कर वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दुर्घटना घटी।

सिर और पीठ पर आईं गंभीर चोटें

सांड की टक्कर इतनी भीषण थी कि शिक्षक रविन्द्र द्विवेदी के सिर और पीठ पर गंभीर चोटें पहुंची हैं। इसके अलावा उनका बायां हाथ भी कंधे के जॉइंट से अपनी जगह से अलग हो गया है। घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें लेकर नजदीकी अस्पताल पहुंचे, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए ग्वालियर रैफर कर दिया गया।

गुरुवार को होगा ऑपरेशन, स्थानीय लोगों में रोष

ग्वालियर में घायल शिक्षक का इलाज किया जा रहा है और डॉक्टरों की देखरेख में गुरुवार को उनका ऑपरेशन तय किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

इस ताजा हादसे के बाद से स्थानीय नागरिकों में आवारा मवेशियों की बढ़ती समस्या को लेकर गहरा रोष व्याप्त है। रहवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि शहर की सड़कों पर घूम रहे इन आवारा पशुओं को जल्द से जल्द पकड़ा जाए ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।