कोलारस वन परिक्षेत्र की कार्रवाई

शिवपुरी जिले के कोलारस इलाके में वन संपदा की सुरक्षा को लेकर विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में वन अमले ने एक संरक्षित वन क्षेत्र में अवैध रूप से जमीन जोतने के प्रयास को नाकाम कर दिया है।

गश्त के दौरान पकड़ी गई अवैध जुताई

अधिकारियों के मार्गदर्शन में वन विभाग की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी बीट कोटानाका-ब के कक्ष क्रमांक पीएफ-1188 में ट्रैक्टर और कल्टीवेटर की मदद से वनभूमि पर जुताई किए जाने की जानकारी मिली। टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुताई का कार्य रुकवा दिया।

मौके से वाहन को कब्जे में लेकर संबंधित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसके खिलाफ वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इस पूरी कार्रवाई में स्थानीय वन विभाग के मैदानी अमले की सक्रिय भूमिका रही।

दो माह में 12 से ज्यादा वाहन जब्त

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, कोलारस क्षेत्र में पिछले दो महीनों के भीतर वन अपराधों पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अवधि के दौरान अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 12 से अधिक वाहनों को जब्त किया जा चुका है।