ग्वालियर-चंबल अंचल के शिवपुरी जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के क्रम में शुक्रवार की शाम एक बड़ा आयोजन शुरू हुआ। स्थानीय सांदीपनि स्कूल के नवनिर्मित खेल परिसर में राज्य स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
400 खिलाड़ियों ने निकाला मार्च पास्ट
प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर रंगारंग और अनुशासन से भरपूर नजारा देखने को मिला। बैंड की धुनों के बीच, हाथों में तिरंगा और अपने संभाग के ध्वज थामे खिलाड़ियों ने शानदार कदमताल की। प्रदेश के 9 अलग-अलग संभागों से आए करीब 400 बालक-बालिकाओं ने मार्च पास्ट में हिस्सा लिया और मंच पर मौजूद अतिथियों को विधिवत सलामी दी।
इसके पश्चात ध्वजारोहण संपन्न हुआ और मैदान पर मौजूद सभी खिलाड़ियों ने सच्ची खेल भावना के साथ मुकाबले खेलने की शपथ ली। इस दौरान स्कूल के विद्यार्थियों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज के साथ स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि और गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस खेल समारोह के उद्घाटन कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा ने की। इस मौके पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सांखला, भाजपा जिला महामंत्री लवलेश जैन चीनू, विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनोज निगम समेत शिक्षा विभाग के तमाम अधिकारी, खेल कोच और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन पूर्व जिला क्रीड़ा अधिकारी महेंद्र तौमर द्वारा किया गया।
क्रिकेट मुकाबलों में भोपाल और नर्मदापुरम की शानदार शुरुआत
इस राज्य स्तरीय आयोजन के तहत 17 वर्ष आयु वर्ग की बालिका क्रिकेट और 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिका नेटबॉल के मुकाबले खेले जा रहे हैं। पहले दिन खेले गए क्रिकेट लीग मैचों में भोपाल और नर्मदापुरम की टीमों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर शानदार शुरुआत की।
दिन के पहले मुकाबले में उज्जैन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भोपाल की टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में 122 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। भोपाल की ओर से आर्या नायक ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 87 रनों की शानदार पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी उज्जैन की टीम निर्धारित ओवरों में जीत हासिल करने से चूक गई।
एक अन्य मुकाबले में सागर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 67 रन बनाए, जिसमें आन्या ने 21 और रोशनी ने 13 रनों का योगदान दिया। नर्मदापुरम की तरफ से गेंदबाजी करते हुए आफिया ने दो महत्वपूर्ण विकेट झटके। जवाब में खेलने उतरी नर्मदापुरम की टीम ने 11.3 ओवरों में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। नर्मदापुरम के लिए आन्या ने 24 और आफिया ने 21 रन बनाए। बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली आफिया को 'वुमन ऑफ द मैच' चुना गया।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!