शिवपुरी जिले के फिजिकल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नरेंद्र नगर इलाके में लगभग एक साल पूर्व हुई बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने आखिरकार पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने 23 वर्षीय एक युवक को दबोचने में सफलता हासिल की है।

किचन की खिड़की उखाड़कर घुसे थे चोर

फिजिकल थाना प्रभारी अवनीश सिंह राठौड़ ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि 6 सितंबर 2025 को नरेंद्र नगर निवासी विवेक राठौर ने थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विवेक रात करीब 1 बजे गणेश उत्सव की झांकी देखकर अपने घर लौटे थे और इसके बाद पूरा परिवार सो गया था। रात करीब 3 बजे जब विवेक उठे और बाथरूम जाने लगे, तो उन्होंने पाया कि घर के कमरों के दरवाजों पर बाहर से कुंडी लगाई गई थी।

जांच में सामने आया कि चोरों ने शातिर तरीके से किचन की खिड़की को उखाड़ा और घर के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने विवेक और उनके भाइयों के कमरों की बाहर से कुंडी बंद कर दी, ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर करीब 12 तौला सोना, ढाई किलो चांदी और 80 हजार रुपए नकद चुरा लिए गए थे।

एक ही रात में तीन घरों को बनाया था निशाना

खास बात यह रही कि उसी एक ही रात में नरेंद्र नगर और आसपास के इलाकों में दो अन्य घरों में भी चोरों ने हाथ साफ किया था। नरेंद्र नगर में ही नीरू तोमर के घर भी चोरों ने कमरे की कुंडी बाहर से लगाकर दूसरी खिड़की से प्रवेश किया और नकदी व सोने के आभूषण चुरा लिए।

इसी तरह कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली गांधी कॉलोनी में दिव्यांश सिंह भदौरिया के यहां भी उसी रात चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। वहां भी कमरों की कुंडी बाहर से लगाने का तरीका अपनाया गया था। दिव्यांश को जब कुछ आहट महसूस हुई तो उन्होंने पड़ोसियों को फोन किया, लेकिन तब तक चोर नकदी और आभूषण लेकर फरार हो चुके थे।

मुखबिर की सूचना पर धरा गया आरोपी

विवेक राठौर की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 219/25 दर्ज कर अपनी जांच आगे बढ़ाई थी। बीते 28 सितंबर 2026 को पुलिस को एक खास मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए ग्राम सेवढ़ा निवासी विन्नी पुत्र नरेश मोगिया को हिरासत में लिया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने विवेक राठौर के घर चोरी की इस वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से लगभग 200 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं। स्थानीय पुलिस अब इस वारदात में शामिल अन्य संदिग्धों और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।