अंचल के शिवपुरी जिले के सतनवाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम ठेह में शनिवार की देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां घर में सो रहे एक बुजुर्ग दंपती पर चार हमलावरों ने अचानक धावा बोल दिया और उनके साथ मारपीट की। इस खूनी संघर्ष में बीच-बचाव करने पहुंची 65 वर्षीय महिला के चेहरे पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

झोपड़ी में सो रहे थे बुजुर्ग दंपती

यह पूरी घटना 19 सितंबर की रात लगभग तीन बजे की बताई जा रही है। ग्राम ठेह निवासी 65 वर्षीय घनश्याम वाल्मीक ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बताया कि वह अपनी पत्नी लीला वाल्मीक के साथ अपनी झोपड़ी में सो रहे थे। उसी समय कालू वाल्मीक, तेंदुआ थाना क्षेत्र के मकरारा गांव निवासी राजकुमार वाल्मीक और दो अन्य अज्ञात लोग, जिनके चेहरे कपड़े से ढंके हुए थे, वहां पहुंचे।

विरोध करने पर की मारपीट और चाकू से हमला

घनश्याम के अनुसार, घर में दाखिल होते ही बदमाशों ने अकारण गाली-गलौज शुरू कर दी। जब बुजुर्ग ने इसका विरोध किया, तो कालू वाल्मीक ने उनके पेट में जोरदार घूंसा जड़ दिया। इसके तुरंत बाद राजकुमार ने अपने पास मौजूद चाकू निकालकर हमला कर दिया, जो घनश्याम के बाएं हाथ पर लगा और वे घायल हो गए।

पति को संकट में देख 65 वर्षीय लीला वाल्मीक उन्हें बचाने के लिए आगे आईं। आरोप है कि दोनों नकाबपोश बदमाशों ने महिला को मजबूती से दबोच लिया। इसके बाद राजकुमार ने उनके चेहरे पर चाकू से कई गंभीर वार किए, जिससे महिला बुरी तरह जख्मी हो गई और मौके पर ही भारी खून बहने लगा।

परिजन के आने पर भागे आरोपी, ग्वालियर रेफर

बुजुर्ग घनश्याम द्वारा शोर मचाए जाने पर पास ही सो रहे उनके बेटे विनोद, दामाद राहुल और बेटी कविता तत्काल दौड़कर मौके पर पहुंचे। अपने परिजनों को पास आते देख चारों हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गए।

घटना के बाद लहूलुहान हालत में दंपती को तुरंत सतनवाड़ा अस्पताल पहुंचाया गया। वहां महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पहले शिवपुरी मेडिकल कॉलेज और बाद में बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया।

इस मामले में पीड़ित घनश्याम की शिकायत के आधार पर सतनवाड़ा थाना पुलिस ने आरोपी कालू वाल्मीक, राजकुमार वाल्मीक और दो अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 296(ए), 115(2) और 3(5) के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।