शिवपुरी के जाने-माने ऑटोमोबाइल कारोबारी कपिल गुप्ता साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं। अज्ञात ठगों ने उनके बैंक खातों से 2 लाख 94 हजार 202 रुपए निकाल लिए। इस मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि कपिल गुप्ता वही कारोबारी हैं जिन्होंने पिछले साल नवंबर में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा का आयोजन कराया था, जिसके बाद वे जिलेभर में चर्चा का विषय बने थे।

ऐसे हुई ठगी की वारदात

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, यह घटना 27 जून 2026 की रात करीब 9 बजे की है। कपिल गुप्ता की पत्नी शिल्पी गुप्ता ने इलाज संबंधी सलाह के लिए गूगल पर एक डॉक्टर का मोबाइल नंबर खोजा था। जब उन्होंने उस नंबर पर संपर्क किया, तो सामने वाले व्यक्ति ने उनके मोबाइल पर एक एपीके (APK) फाइल भेजी और उसे डाउनलोड करने का निर्देश दिया।

शिल्पी गुप्ता द्वारा उस फाइल को डाउनलोड करते ही उनका मोबाइल फोन हैक हो गया। इसके तुरंत बाद, साइबर ठगों ने उनके आईसीआईसीआई बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा के खातों तक अपनी पहुंच बना ली। ऑनलाइन लेनदेन के माध्यम से कुल 2 लाख 94 हजार 202 रुपए की राशि इन खातों से निकाल ली गई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी

खातों से रकम निकलने की जानकारी मिलते ही कपिल गुप्ता ने तत्काल कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और इस पूरे मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।