शिवपुरी जिला अस्पताल में मंगलवार को एक प्रसूता की दुखद मौत हो गई। आसपुर गांव की 25 वर्षीय प्रीति परिहार को प्रसव पीड़ा के बाद भौती अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। हालांकि, प्रसव के कुछ समय बाद ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।

अस्पताल से रेफर, रास्ते में तोड़ा दम

प्राथमिक उपचार के बाद प्रीति की गंभीर हालत को देखते हुए उसे शिवपुरी जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। लेकिन अफसोस, जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया।

मायके पक्ष का ससुराल पर प्रताड़ना का आरोप

प्रीति की मौत की खबर मिलते ही उसके मायके पक्ष के लोग शिवपुरी जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रीति को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका की बहन प्रियंका परिहार ने बताया कि पिछले दो महीनों से वे प्रीति को बेहतर इलाज के लिए मायके लाना चाहते थे, लेकिन उसके पति वीरू परिहार और अन्य ससुराल वालों ने इसकी इजाजत नहीं दी।

प्रियंका ने यह भी आरोप लगाया कि इस संबंध में पुलिस से शिकायत भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि इलाज में लापरवाही और समय पर उचित देखभाल न मिलने के कारण ही प्रीति की जान गई।

पुलिस जांच में जुटी

मामले की सूचना पर अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के बयानों के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।