शिवपुरी में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार कार ने एक बाइक सवार को कुचल दिया। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए युवक ने ग्वालियर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा रविवार रात करीब 10 बजे थीम रोड पर बड़ौदी के पास एक पुलिया के समीप हुआ। जवाहर कॉलोनी निवासी विपिन शर्मा को उनके परिचितों ने सूचना दी कि उनके जीजा नीरज शर्मा, जो अपनी बाइक एमपी-33 एमआर-1497 पर सवार थे, को पीछे से आ रही एक आर्टिका कार (एमपी-08 सीबी-1406) ने लापरवाही से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि नीरज शर्मा सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर, कमर, गुप्तांग, बाईं जांघ और टखने में गंभीर चोटें आईं। हादसे में उनकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

इलाज के दौरान हुई मौत

घटना की सूचना मिलते ही विपिन शर्मा और उनके रिश्तेदार अमन शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने नीरज शर्मा को बेहोशी की हालत में पाया। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया।

ग्वालियर में इलाज के दौरान सोमवार सुबह नीरज शर्मा ने अंतिम सांस ली। शव का पोस्टमार्टम जेएएच ग्वालियर में कराया गया।

पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद कार चालक मौके पर अपनी गाड़ी छोड़कर फरार हो गया था। परिजनों ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को देहात थाना परिसर में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की पहचान और उसे पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए हैं।