शिवपुरी जिले में इन दिनों लगातार हो रही बिजली कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। इसी समस्या के खिलाफ गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी की अगुवाई में बाणगंगा स्थित बिजली कंपनी के कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया गया।
किसानों और कारोबारियों की बढ़ी मुश्किलें
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बताया गया कि शहरी और ग्रामीण इलाकों के साथ-साथ बड़ौदी औद्योगिक क्षेत्र में भी बिजली की आवाजाही से लोग परेशान हैं। खेतों में इस समय टमाटर की फसल खड़ी है और रबी फसलों की बुआई की तैयारियां चल रही हैं, जिससे किसानों को सिंचाई में भारी असुविधा हो रही है।
ज्ञापन देने पहुंचे अधिकारी, तब शांत हुआ हंगामा
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने बिजली विभाग के अफसरों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और नियमित बिजली सप्लाई बहाल करने की मांग की। काफी देर तक जब कोई अधिकारी ज्ञापन लेने बाहर नहीं आया, तो आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर दी।
मौके पर तैनात पुलिस बल ने हालात को संभालने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी जिद पर अड़े रहे। बाद में महाप्रबंधक एवं अधीक्षण यंत्री सुमित अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर ज्ञापन स्वीकार किया, जिसके बाद धरना-प्रदर्शन समाप्त हुआ।
आगे भी आंदोलन की दी चेतावनी
जिला कांग्रेस प्रवक्ता विजय चौकसे ने जानकारी दी कि इस विरोध प्रदर्शन में पार्टी के तमाम पदाधिकारी और विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ता शामिल रहे। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि बिजली आपूर्ति जल्द दुरुस्त नहीं की गई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!