शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र का मामला
शिवपुरी जिले की बदरवास जनपद अध्यक्ष मीरा परिहार के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनका 35 वर्षीय बेटा धर्मेंद्र परिहार संदिग्ध परिस्थितियों के बीच मृत पाया गया है। उनका शव सिंगाखेड़ी गांव के एक खेत में स्थित कुएं के अंदर तैरता हुआ मिला।
शुक्रवार रात से तलाश में जुटे थे परिजन
मिली जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र परिहार पिछले दिन यानी शुक्रवार की रात से ही घर से लापता हो गए थे। परिवार के लोग तभी से उनकी लगातार खोजबीन कर रहे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। शनिवार को जब उनका शव कुएं में मिलने की बात सामने आई तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही बदरवास थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धर्मेंद्र की मौत कुएं में गिरने से हुई या इसके पीछे कोई और आपराधिक पहलू है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!