सामुदायिक भवन में गूंजे श्रीराम के जयकारे

शिवपुरी जिले के नरवर स्थित सामुदायिक भवन में पिछले नौ दिनों से चल रहे धार्मिक अनुष्ठान का शनिवार को विधि-विधान के साथ समापन हुआ। क्षेत्र में आयोजित इस संगीतमय श्रीरामकथा को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया।

काशी के आचार्य ने कराया कथा का श्रवण

यह धार्मिक आयोजन 3 सितंबर से आरंभ हुआ था। इस दौरान काशी से पधारे आचार्य रामेश्वर त्रिपाठी ने अपने अनूठे और मधुर अंदाज में श्रद्धालुओं को संगीतमय श्रीराम कथा का श्रवण कराया। कथा के दौरान रोजाना बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

हवन और पूर्णाहुति के साथ हुआ विश्राम

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पंडित बालकृष्ण मिश्रा ने बताया कि धर्म जागरण के उद्देश्य से आयोजित इस नौ दिवसीय अनुष्ठान के अंतिम दिन शनिवार को विशेष हवन और पूर्णाहुति का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों ने आहुतियां दीं।